प्रयोग:कविता बघेल 5

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें

अनुसूया बाई काले (अंग्रेज़ी: Anusuya Bai Kale, जन्म: 1896, बेलगाम; मृत्यु: 1958) महाराष्ट्र की प्रमुख राष्ट्रीय कार्यकत्ता और महिला आंदोलन की प्रमुख अभिनेत्री थीं।

परिचय

अनुसूया बाई काले का जन्म 1896 ई. बेलगाम में हुआ था। उनके पिता सदाशिव वी. भाटे वकालत करते थे। अनुसूया की शिक्षा फरग्यूसन कॉलेज पुणे और बड़ौदा में हुई। 1916 ई. में पी.बी. काले से विवाह हो जाने के कारण आगे की शिक्षा का क्रम टूट गया। फिर भी सार्वजनिक जीवन में उन्होंने बराबर भाग लिया।

राजनैतिक जीवन

अनुसूया बाई काले 1928 में 'सेंट्रल प्रोविन्सेज' की लेजिस्लेटिव कौंसिल की सदस्य मनोनीत हुईं। 1937 में वे मध्यप्रदेश और बरार विधान सभा की सदस्य निर्वाचित हुईं और उपसभापति बनाई गईं। 1952 और 1957 में अनुसूया बाई लोकसभा की सदस्य चुनी गईं। 1952 में राष्ट्र्मंडल सम्मेलन में भारत के प्रतिनिधि मंडल के सदस्य के रूप में उन्होंने कनाडा की यात्रा की थी।

योगदान

महिलाओं की रक्षा के काम को समर्पित अनुसूया बाई काले ने बलात्कार के मामले में एक मुस्लिम को उसके धर्मावलंबी कांग्रेस के मंत्री द्वारा बचाने के मामले में बड़ा आंदोलन खड़ा कर दिया था। फलत: उस मंत्री को 1938 में मंत्रिमंडल से हटाना पड़ा। 1942 के 'भारत छोड़ो आंदोलन' में अस्थी और चिमूर में पुलिस ने आदिवासियों पर बड़े अमानुषिक अत्याचार किए थे। सात गोंडो को फाँसी की सजा हुई थी। अनुसूया बाई के प्रयत्न से ही वे फाँसी के फंदे पर झूलने से बच गए।

निधन

अनुसूया बाई काले का 1958 में निधन हो गया।