विश्वजीत चटर्जी

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:नेविगेशन, खोजें

विश्वजीत चटर्जी (पूरा नाम- विश्वजीत देव चटर्जी, अंग्रेज़ी: Biswajit Dev Chatterjee ; जन्म- 14 दिसम्बर, 1936, कोलकाता, पश्चिम बंगाल) भारतीय सिनेमा में बंगाली और हिन्दी फ़िल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता हैं। अपने स्वाभाविक अभिनय और आकर्षक व्यक्तित्व के लिए प्रसिद्ध विश्वजीत देव चटर्जी ने बंगाली और हिन्दी फ़िल्मों के दर्शकों के दिलों में वर्षों तक राज किया है। कोलकाता में पले-बढ़े विश्वजीत के अभिनय सफर की शुरूआत बंगाली फ़िल्मों से हुई। उनके चाहने वालों ने उन्हें "किंग ऑफ़ रोमांस" की उपाधि दी। विश्वजीत पर फ़िल्माये गए गीतों की लोकप्रियता ने उनके फ़िल्मी कॅरिअर में चार-चांद लगाए। हिन्दी फिल्मों में विश्वजीत का सफर बेहद नपा-तुला रहा है। सफलता का शिखर तो वे नहीं छू पाए, लेकिन दर्शकों के दुलारे अभिनेता जरूर बने रहे। उनके व्यक्तित्व का आकर्षण और उनकी आंखों की गहराई ने कई वर्षों तक दर्शकों के दिल के तारों को झंकृत किया।

जन्म

अभिनेता विश्वजीत का जन्म 14 दिसम्बर, सन 1936 में कलकत्ता (वर्तमान कोलकाता), पश्चिम बंगाल में हुआ था। उनके बाल्यकाल का अधिकांश समय कोलकाता में वीता। विश्वजीत कोलकाता में ही पले और बढ़े।

विवाह

विश्वजीत का निजी जीवन कई उतार-चढ़ाव से गुजरा। उन्होंने दो विवाह किए। पहली पत्नी रत्ना चटर्जी से अलग होकर उन्होंने दूसरी शादी रचायी। जब विश्वजीत ने दूसरी शादी रचायी थी, तब उनके पुत्र प्रसेनजीत और पुत्री पल्लवी चटर्जी की उम्र बेहद कम थी। यह भी उल्लेखनीय है कि पिता से मिली अभिनय की विरासत को प्रसेनजीत आगे ले जा रहे हैं। वे पिछले एक दशक से बंगाली फिल्मों के सुपरस्टार की कुर्सी पर विराजमान हैं। हालांकि, विश्वजीत की पहली पत्नी रत्ना चटर्जी से अलगाव के बाद उनके अपने पुत्र प्रसेनजीत के साथ संबंध मधुर नहीं रहे। यही कारण रहा कि बंगाली फिल्मों के प्रशंसक पिता-पुत्र की इस जोड़ी को एक साथ फ़िल्मी पर्दे पर देखने से वंचित रहे। अब विश्वजीत मुंबई में अपनी दूसरी पत्नी और पुत्री सांभवी के साथ रह रहे हैं।[1]

फ़िल्मी शुरुआत

विश्वजीत के अभिनय सफर की शुरुआत बंगाली फिल्मों से हुई। 'माया मृग' और 'दुई भाई' जैसी सफल बंगाली फिल्मों में अभिनय के बाद विश्वजीत ने हिन्दी फिल्मों का रूख किया। वे कोलकाता से मुंबई आ गए। हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री ने बंगाली फिल्मों के इस सफल अभिनेता को सिर-आंखों पर बिठाया। परिणामस्वरूप बेहद कम वक्त में ही विश्वजीत की झोली हिन्दी फिल्मों से भर गयी।

सफलता

1962 में विश्वजीत की पहली हिन्दी फिल्म 'बीस साल बाद' प्रदर्शित हुई, जिसने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान बनाए। देखते-ही-देखते विश्वजीत हिन्दी फिल्मों के तेजी से उभरते हुए अभिनेता बन गए। विश्वजीत के चाहने वालों ने उन्हें "किंग ऑफ रोमांस" की उपाधि दी। उन पर फिल्माए गए गीतों की लोकप्रियता ने उनके फिल्मी कॅरिअर में चार-चांद लगा दिए और उन्हें प्रसिद्धि की ऊँचाइयों पर बैठा दिया। फिल्म निर्माता-निर्देशकों ने उन पर विश्वास करना शुरू कर दिया। 'बीस साल बाद' की सफलता के बाद विश्वजीत ने कई यादगार फिल्मों में नायक की भूमिकाएं निभायीं, जिनमें 'मेरे सनम', 'शहनाई', 'अप्रैल फूल', 'दो कलियां 'और 'शरारत' उल्लेखनीय हैं। विश्वजीत को उस समय की लगभग सभी हीरोइनों के साथ अभिनय का अवसर मिला। विशेषकर आशा पारेख, मुमताज, माला सिन्हा और राजश्री के साथ उनकी रोमांटिक जोड़ी बेहद पसंद की गई।


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. किंग ऑफ़ रोमांस- विश्वजीत चटर्जी (हिन्दी) जागरण। अभिगमन तिथि: 13 अगस्त, 2014।

संबंधित लेख