राष्ट्रमंडल खेल 2018

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें

राष्ट्रमण्डल खेल 2018 या कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 एक अंतरराष्ट्रीय बहु-खेल स्पर्धा है, जो कि 4 अप्रैल से 15 अप्रैल 2018 के मध्य गोल्ड कोस्ट, क्वींसलैंड, ऑस्ट्रेलिया में आयोजित की जा रही है। गोल्ड कोस्ट की मेजबानी की घोषणा बास्सेतेरे, सन्त किट्स और नेविस में की गई। ऑस्ट्रेलिया पाँचवीं बार, राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी कर रहा है।

प्रतियोगी देश

राष्ट्रमण्डल खेल ब्रिटिश राष्ट्रमण्डल देशों के अन्तर्गत आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिता है। इस टूर्नामेंट में 71 राष्ट्रमण्डल देशों के लगभग 4,230 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। मालदीव ने अक्टूबर 2016 में राष्ट्रमंडल खेलों से अपना नाम वापस ले लिया था। 31 मार्च 2018 को राष्ट्रमण्डल खेल संघ का सदस्य के रूप में पुनः चयन होने के बाद, गांबिया ने राष्ट्रमंडल खेलों में वापसी की है।

इतिहास

  • रिवरेंड एश्ले कूपर नाम के अंग्रेज़ अधिकारी ने ब्रिटिश हुकूमत वाले देशों में खेलों के एक महा आयोजन का विचार दिया था। उनका मानना था कि इससे इन देशों में खेल की भावना बढ़ेगी साथ ही लोगों के मन में ब्रिटिश हुकूमत के प्रति अच्छी भावना आएगी।
  • इसके बाद सन् 1928 में कनाडियाई मूल के एथीलिट 'बॉबी रॉबिनसन' को पहले राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन की ज़िम्मेदारी सौंपी गई थी। यह खेल सन् 1930 में ओंटारियो के हैमिलटन शहर में आयोजित किए गए थे, जिसमें ग्यारह देशों के 400 एथीलिटों ने हिस्सा लिया था। कनाडा इन खेलों का गवाह बना था।
  • इसके बाद हर चौथे वर्ष राष्ट्रकुल खेलों का आयोजन किया जाने लगा था। सिर्फ़ दूसरे विश्व युद्ध के दौरान इनका आयोजन नहीं किया जा सका था। इन खेलों को कई नामों से जाना जाता था, जैसेः ब्रिटिश साम्राज्य खेल, मित्रता खेल तथा ब्रिटिश राष्ट्रकुल खेल
  • सन 1978 से इन खेलों को राष्ट्रकुल खेलों का स्थायी नाम दिया गया। सिर्फ़ एक प्रतिस्पर्धी खेलों का आयोजन रहने वाला यह समारोह कुआलालम्पुर में आयोजित खेलों के बाद काफ़ी बदल गया।
  • 1998 में मलेशिया के कुआलालम्पुर में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में क्रिकेट, हॉकी तथा नेटबॉल जैसे अन्य प्रसिद्ध खेलों को भी इसमें पहली बार शामिल किया गया। [1]

मेजबानी के लिए चयन प्रक्रिया

22 अगस्त 2008 को, क्वीन्सलैण्ड के प्रीमियर, एन्ना ब्लिघ ने आधिकारिक तौर पर 2018 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करने के लिए गोल्ड कोस्ट शहर की बोली लगाई थी। 7 अप्रैल 2009 को, एबीसी ने गोल्ड कोस्ट शहर और करारा स्टेडियम के लिए क्वींसलैंड राज्य के बीच एक भूमि विनिमय समझौते की सूचना दी।[2] 16 अप्रैल 2009 को क्वींसलैंड के प्रीमियर अन्ना ब्लेघ ने संवाददाताओं से कहा था कि गोल्ड कोस्ट सिटी के सफल राष्ट्रमंडल खेलों की वजह से, शहर को विश्व कप की मेजबानी जीतने में भी मदद मिलेगी।[3]


टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. आधिकारिक वेबसाइट (हिन्दी) (पीएचपी)। । अभिगमन तिथि: 28 सितंबर, 2010।
  2. Bligh pushes bids for Games, World Cup (अंग्रेज़ी) ऑस्ट्रेलियाई ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन। अभिगमन तिथि: 8 अप्रैल, 2018।
  3. Gold Coast eyes 2018 Games bid with land swap (अंग्रेज़ी) ABC news। अभिगमन तिथि: 8 अप्रैल, 2018।

बाहरी कड़ियाँ

संबंधित लेख