मेनका गाँधी (अंग्रेज़ी: Maneka Gandhi, जन्म: 26 अगस्त, 1956) भारत की प्रसिद्ध राजनेत्री एवं पशु-अधिकारवादी हैं। मेनका गाँधी एक जानी-मानी पर्यावरणवादी कार्यकर्ता हैं। भारत में पशु अधिकारों के प्रश्न को मुख्यधारा में लाने का श्रेय मेनका गांधी को ही जाता है। सन 1992 में इन्होंने पीपल फार अनिमल्स नामक एक गैर-सरकारी संगठन आरम्भ किया जो पूरे भारत में (पशु) आश्रय चलाता है। मेनका गांधी नेहरू गांधी परिवार की सदस्य है। मेनका गाँधी, भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्रीइन्दिरा गांधी के छोटे पुत्र संजय गांधी की पत्नी हैं। इन्होंने अनेकों पुस्तकों की रचना की है तथा उनके लेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रायः आते रहते हैं। वे वर्तमान में भारत की महिला एवं बाल विकास मंत्री हैं। मेनका गाँधी नौवीं, ग्यारहवीं, बारहवीं, तेरहवीं, पंद्रहवीं और सोलहवीं लोकसभा की सदस्य चुनी गयीं।
जीवन परिचय
16वीं लोकसभा में पीलीभीत सीट से विजयी मेनका गांधी का जन्म 26 अगस्त, 1956 को दिल्ली में हुआ था। मेनका गांधी की शिक्षा लारेंस स्कूल, सनवर तथा तदोपरान्त लेडी श्रीराम कालेज, नई दिल्ली में हुई। उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के छोटे बेटे संजय गांधी के साथ विवाह किया। एक आकस्मिक दुर्घटना में संजय गांधी के देहांत के बाद वे सन 1982 में राजनीति में आयीं। वह चार सरकारों में केन्द्रीय मंत्री रह चुकी हैं। राजनीति से हटकर मेनका एक पत्रकार भी रही हैं और एक पत्रिका की संपादक भी रह चुकी हैं। उन्होंने कानून और पशुओं पर आधारित बहुत-सी पुस्तकें लिखी हैं और उन्हें बेजुबान पशुओं पर होने वाले अत्याचारों के खिलाफ आवाज़ उठाने के लिए जाना जाता है।