जे. पी. दत्ता

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
रविन्द्र प्रसाद (वार्ता | योगदान) द्वारा परिवर्तित 07:20, 17 सितम्बर 2013 का अवतरण (''''ज्योति प्रकाश दत्ता''' (अंग्रेज़ी: J. P. Dutta; जन्म- [[3 अक्ट...' के साथ नया पन्ना बनाया)
(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ:नेविगेशन, खोजें

ज्योति प्रकाश दत्ता (अंग्रेज़ी: J. P. Dutta; जन्म- 3 अक्टूबर, 1949, मुम्बई, महाराष्ट्र) हिन्दी फ़िल्मों के मशहूर फ़िल्म निर्माता-निर्देशक के रूप में प्रसिद्ध हैं। भारतीय सिनेमा में जब भी जे. पी. दत्ता का नाम लिया जाता है तो आँखों के सामने 'बॉर्डर', 'एलओसी कारगिल' और 'उमराव जान' जैसी भव्य फिल्में आ जाती हैं। हिन्दी सिनेमा में जे. पी. दत्ता ने बहुत कम फिल्में बनाई हैं, लेकिन उनकी फिल्में हमेशा सब से हटकर होती हैं। देशभक्ति और जंग पर आधारित फिल्में बनाने के कारण ही जे. पी. दत्ता को सबसे अलग एक बेहतरीन सफल निर्माता-निर्देशक माना जाता है।

जन्म

जे. पी. दत्ता का जन्म 3 अक्टूबर, 1949 को मुम्बई, महाराष्ट्र में हुआ था। इनके पिता का नाम ओ. पी. दत्ता था। ओ. पी. दत्ता भी अपने समय के मशहूर फ़िल्म निर्माता-निर्देशक और संवाद लेखक रहे थे। जे. पी. दत्ता को अपने पिता से ही फ़िल्में बनाने का सपना मिला था। उनकी अधिकांश फ़िल्मों के संवाद उनके पिता ही लिखते थे। फ़रवरी, 2012 में ओ. पी. दत्ता का निधन हो गया था।

विवाह

जे. पी. दत्ता ने अपने समय की हिन्दी फ़िल्मों की प्रसिद्ध अभिनेत्री बिंदिया गोस्वामी से विवाह किया था। उनकी दो बेटियाँ भी हैं। जे. पी. दत्ता फ़िल्म इंडस्ट्री में अपने गुस्से के लिए बहुत मशहूर हैं, फिर चाहे वह फिल्म के दौरान फ़िल्म कलाकारों पर हो या फिर किसी पार्टी में।[1]

फ़िल्मी कॅरियर

जे. पी. दत्ता ने अपने फ़िल्मी कॅरियर की शुरुआत 1985 में फिल्म 'गुलामी' से की थी। इसके बाद 'यतीम', 'बंटवारा', 'हथियार' और 'क्षत्रिय' जैसी फिल्में निर्देशित कीं। साल 1997 में उन्होंने ब्लॉक बस्टर फिल्म बनाई 'बॉर्डर'। यह फिल्म सुपर-डुपर हिट रही। इसके बाद जे. पी. दत्ता ने युद्ध पर ही आधारित फिल्म 'रिफ्यूजी' का निर्माण किया, जिसमें अभिषेक बच्चन और करीना कपूर ने एक साथ काम किया था। यह फिल्म भले ही फ्लॉप साबित हुई, किंतु समीक्षकों ने इसे काफ़ी सराहा। अपने कॅरियर में 'रिफ्यूजी' के बाद वर्ष 2003 में जे. पी. दत्त ने कारगिल पर आधारित फिल्म 'एल ओ सी करगिल' बनाई। एक बार फिर अपने बेजोड़ निर्देशन की वजह से उन्होंने लोगों का दिल जीता। वर्ष 2006 में उन्होंने पीरियोडिक फिल्म 'उमराव जान' बनाई, जिसमें अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय की जोड़ी एक साथ दिखाई दी। यह फिल्म भी उनकी कुछ हिट फिल्मों में से एक है।

'बॉर्डर' का सिक्वल

हाल के वर्षों में जे. पी. दत्ता 1997 की ब्लॉक बस्टर फिल्म 'बॉर्डर' का सिक्वल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इस फ़िल्म में 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध को जीवंत करने के लिए उन्होंने जरूरी सैन्य तथा अन्य प्रकार की मदद के लिए 'रक्षा मंत्रालय' से बातचीत की है। मंत्रालय के जवाब का इंतजार कर रहे जे. पी. दत्ता के फिल्म की मुख्य कहानी 'परमवीर चक्र' विजेता सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल पर आधारित होगी, जो पंजाब के साकरगढ़ सेक्टर में पाकिस्तानी सेना के हमले में लड़ते हुए शहीद हो गए थे। साथ ही यह फिल्म युद्ध के दौरान 'भारतीय सेना' की भूमिका पर भी केन्द्रित होगी।[2] उल्लेखनीय है कि 1997 में प्रदर्शित जे. पी. दत्ता की फिल्म 'बॉर्डर' में सन्नी देओल, जैकी श्रॉफ, सुनील शेट्टी, अक्षय खन्ना, रॉखी, पूजा भट्ट जैसे कई सितारों ने मुख्य भूमिका निभाई थीं। इस फिल्म का यह गीत 'संदेशे आते हैं' श्रोताओं के बीच आज भी देशभक्ति के जज्बे को बुलंद कर देता है।

प्रमुख फ़िल्में

  1. 2006 - उमराव जान
  2. 2003 - एल ओ सी कारगिल
  3. 2000 - रिफ्युज़ी
  4. 1997 - बॉर्डर
  5. 1993 - क्षत्रिय
  6. 1989 - बंटवारा
  7. 1989 - हथियार
  8. 1988 - यतीम
  9. 1985 - गुलामी


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. जे. पी. दत्ता, भव्य फ़िल्मों के निर्माता (हिन्दी)। । अभिगमन तिथि: 17 सितम्बर, 2013।
  2. जे. पी. दत्ता बनायेंगे बॉर्डर का सीक्वल (हिन्दी)। । अभिगमन तिथि: 17 सितम्बर, 2013।

संबंधित लेख