ख़य्याम
मोहम्मद ज़हुर 'ख़य्याम' हाशमी (अंग्रेज़ी: Mohammed Zahur Khayyam, जन्म: 18 फरवरी, 1927) भारतीय फ़िल्मों के प्रसिद्ध संगीतकार हैं। खय्याम बॉलीवुड के ऐसे संगीतकार हैं, जिन्होंने कम फिल्मों में संगीत दिया, मगर उनके गीत और धुनें अमर हैं। उनके गीत रोजाना आकाशवाणी अथवा टेलीविजन पर किसी न किसी रूप में सुनाए-दिखाए जाते हैं। उन्होंने फ़िल्म इंडस्ट्री में क़रीब 40 साल काम किया और 35 फ़िल्मों में संगीत दिया। खय्याम ने शर्माजी नाम से कुछ फिल्मों में संगीत भी दिया है।
जीवन परिचय
खय्याम का पूरा नाम है मोहम्मद जहूर खय्याम हाशमी। इनका जन्म 18 फरवरी, 1927 को पंजाब के जालंधर जिले के नवाब शहर में हुआ था। पूरा परिवार शिक्षित-दीक्षित था। परिवार में कुल चार भाई और एक बहन थे। सबसे बड़े भाई अमीन परिवार का ट्रांसपोर्ट बिजनेस देखते थे। दूसरे भाई मुश्ताक जनरल मैनेजर के पद से रिटायर हुए। तीसरे भाई गुलजार हाशमी शायरी करते थे, लेकिन छोटी उम्र में इंतकाल हो गया। खय्याम अपने पिता के चौथे बेटे थे, जो संगीत के शौक के कारण पाँचवीं तक पढ़ाई कर घर से भागना पड़ा।
कार्यक्षेत्र
खय्याम के मामाजी को गीत-संगीत से लगाव था। उन्होंने ही बम्बई में खय्याम को बाबा चिश्ती से मिलवाया, जो बी. आर. चोपड़ा की फिल्म 'ये है जिन्दगी' का संगीत तैयार कर रहे थे। बाबा ने उन्हें अपना सहयोगी तो बना लिया, मगर कहा कि पैसा-टका कुछ नहीं मिलेगा। संगीतकार खय्याम ने फिल्म रोमियो एंड जूलियट में एक्टिंग भी की है। एक बार फिल्म के सेट पर खय्याम और चोपड़ा सही समय पर पहुँचते। बाकी लोग देरी से आते थे। महीने के आखिरी दिन सबको वेतन दिया गया। केवल खय्याम खाली हाथ रहे। यह देख चोपड़ा ने बाबा से पूछा इन्हें पैसा क्यों नहीं? जवाब मिला- 'ट्रेनिंग पीरियड में यह मुफ्त में काम कर रहा है।' चोपड़ा को यह बात रास नहीं आई। उन्होंने फौरन अकाउंटेंट से एक सौ पच्चीस रुपए खय्याम को दिलवाए। अपनी हथेली पर इतने रुपए देखकर खय्याम की आँखों में आँसू आ गए। चोपड़ा साहब की इस मेहरबानी को उन्होंने हमेशा याद रखा। बाबा चिश्ती ने खय्याम को सहायक तो बनाया, मगर सिर्फ खाना-खुराक और खोली का किराया अदा करते थे।
खय्याम दोस्तों के साथ जब कभी होटल-रेस्तराँ में जाते, उनकी जेबें खाली रहती थीं। हर बार पेमेंट दोस्त करें, यह उनके जैसे खुद्दार व्यक्ति को नागवार गुजरता था। एक बार बड़े भाई के पास पैसे माँगने गए। भाई ने पूछा- 'काम करते हो, तो कितना मिलता है?' खय्याम ने जैसे ही कहा कि फोकट में काम करते हैं, वैसे ही भाई ने तड़ातड़ चाँटे जड़ दिए और कहा कि फोकटिए नौकर को वे फूटी कौड़ी नहीं देंगे।
सेना में सिपाही
भाई के रूखे व्यवहार से दुःखी होकर उन्होंने सेना में सिपाही बनने का सोचा। अखबार में विज्ञापन पढ़ा कि ट्रेनिंग के बाद युवा सिपाहियों को आकर्षक तनख्वाह मिलेगी। दो साल तक खय्याम ने सिपाही की नौकरी की। काफी पैसा जमा किया। संगीत का शौक फिर बंबई खींच लाया। [1]
वर्तमान में
भले ही मुख्यधारा के सिनेमा गीत-संगीत में खय्याम आज शामिल नहीं हों, फिर भी वे अपने स्तर पर सक्रिय हैं। एक साल पहले उन्होंने फिल्म 'मैं फिर आऊँगा' का संगीत दिया है। यह फिल्म डॉ. कृष्णकांत पण्ड्या के उपन्यास पर आधारित है। इसके पाँच गीतों को अलका याग्निक, सुनिधि चौहान और कविता कृष्णमूर्ति ने गाया है। मुंशी प्रेमचंद की कहानी 'बाजारे-ए-हुस्न' पर आधारित फिल्म 1918 : ए लव स्टोरी' खय्याम की पसंदीदा फिल्म है। इस फिल्म में एक दरोगा की बेटी हालात से मजबूर होकर नाच-गाने के धंधे में आ जाती है। इस फिल्म में संगीत देकर एक तरह से उन्होंने मुंशी प्रेमचंद को आदरांजलि दी है। आज के संगीत पर उनकी राय है- शोर-ए-बद्तमीजी।[1]
प्रसिद्ध गीत
- शामे गम की कसम, गायक- तलत महमूद, फ़िल्म- फुटपाथ
- है कली-कली के लब पर, गायक- मोहम्मद रफी, फ़िल्म- लाला रुख
- वो सुबह कभी तो आएगी, गायक- मुकेश-आशा भौंसले, फ़िल्म- फिर सुबह होगी
- जीत ही लेंगे बाजी हम तुम, गायक- रफी-लता मंगेशकर, फ़िल्म- शोला और शबनम
- तुम अपना रंजो-गम अपनी परेशानी मुझे दे दो, गायक- जगजीत कौर, फ़िल्म- शगून
- बहारों, मेरा जीवन भी सँवारो, गायक- लता, फ़िल्म- आखरी खत
- कभी-कभी मेरे दिल में खयाल आता है, गायक- साहिर, फ़िल्म- कभी-कभी
- मोहब्बत बड़े काम की चीज है, गायक- येसुदास-किशोर-लता, फ़िल्म- त्रिशूल
- दिल चीज क्या है आप मेरी जान लीजिए, गायक- आशा, फ़िल्म- उमराव जान
- ये क्या जगह है दोस्तो/आशा, फ़िल्म- उमराव जान
सम्मान एवं पुरस्कार
- 1977 - फ़िल्मफ़ेयर सर्वश्रेष्ठ संगीतकार पुरस्कार : कभी कभी
- 1982 - फ़िल्मफ़ेयर सर्वश्रेष्ठ संगीतकार पुरस्कार : उमराव जान
- 2007 - संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार
- 2011 - पद्म भूषण
- उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा स्वर्गीय संगीतकार नौशाद अली स्मृति प्रथम सम्मान।
|
|
|
|
|
टीका टिप्पणी और संदर्भ
- ↑ 1.0 1.1 कभी-कभी खय्याम के दिल में खयाल आता है (हिंदी) वेबदुनिया। अभिगमन तिथि: 19 मई, 2017।
बाहरी कड़ियाँ
संबंधित लेख