चेतन आनंद (निर्देशक)

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
गोविन्द राम (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 10:18, 2 दिसम्बर 2012 का अवतरण (''''चेतन आनंद''' (अंग्रेज़ी: ''Chetan Anand'', जन्म: 3 जनवरी 1915 – 6 जुला...' के साथ नया पन्ना बनाया)
(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें

चेतन आनंद (अंग्रेज़ी: Chetan Anand, जन्म: 3 जनवरी 1915 – 6 जुलाई 1997) प्रसिद्ध हिंदी फ़िल्म निर्माता-निर्देशक और पटकथा लेखक थे। बॉलीवुड फिल्मों को इस स्तर पर पहली बार पहचान दिलाने का श्रेय चेतन आनंद को जाता है। चेतन आनंद सदाबहार अभिनेता देव आनंद के बड़े भाई थे। देव आनंद चेतन आनंद की बदौलत ही फिल्म इंडस्ट्री में आ सके।

जीवन परिचय

3 जनवरी 1915 को पंजाब के गुरदासपुर में जन्मे चेतन आनंद बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। चेतन ने लाहौर से स्नातक की डिग्री हासिल करने के बाद राजनीति में कदम रखा और वह वर्ष 1930 के दशक में कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने दून स्कूल में शिक्षक के रूप में भी कार्य किया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। प्रिया राजवंश चेतन आनंद की सहयात्री थीं। दोनों जिंदगीभर साथ-साथ रहे। शादी नहीं की और उसकी जरूरत भी नहीं समझी। बाहरी दुनिया के लोग उन्हें पति-पत्नी मानते रहे।[1]

फ़िल्मी कॅरियर

इतिहास के शिक्षक रहे चेतन ने वर्ष 1940 के दशक के शुरू में सम्राट अशोक पर एक फिल्म की पटकथा लिखी थी। उनका फिल्मी सफर वर्ष 1944 में आई फणी मजूमदार की फिल्म 'राजकुमार' से शुरू हुआ। उस फिल्म में वह मुख्य भूमिका में थे। चेतन ने अभिनय छोड़कर निर्देशन के क्षेत्र में किस्मत आजमाई और जल्द ही उन्होंने इतिहास रच दिया।

फिल्म 'नीचा नगर'

वर्ष 1946 में बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म नीचा नगर ने कान्स फिल्म समारोह में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार हासिल किया। अपने जमाने के सुपरस्टार देवानंद और निर्माता-निर्देशक विजय आनंद के बड़े भाई चेतन की बतौर निर्देशक पहली फिल्म 'नीचा नगर' ने वर्ष 1946 में पहले कान्स फिल्म समारोह में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का अवार्ड जीता था। वह फिल्म अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली पहली फिल्म थी। ख्वाजा अहमद अब्बास द्वारा लिखित और उमा आनंद, कामिनी कौशल तथा रफीक अहमद के अभिनय से सजी यह फिल्म समाज के अमीर और गरीब वर्ग के बीच की खाई में झांकती और मानवीय संवेदनाओं को टटोलती है। फिल्म समीक्षक ज्योति वेंकटेश ने बताया कि बेहतरीन निर्देशन कौशल की वजह से 'नीचा नगर' का शुमार भारतीय सिनेमा की बेहतरीन फिल्मों में किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म ने भारतीय सिनेमा में सामाजिक यथार्थवाद के चित्रण की परम्परा शुरू की और समानांतर सिनेमा की फिल्मों के अन्य निर्देशकों के लिए सृजन का एक नया रास्ता खोला।[1]

नवकेतन प्रोडक्शंस की स्थापना

1950 के दशक के शुरू में उन्होंने अपने छोटे भाई और उस जमाने के मशहूर अभिनेता देवानंद के साथ नवकेतन प्रोडक्शंस के नाम से एक फिल्म कम्पनी की स्थापना की। इस बैनर ने बॉलीवुड को अफसर, टैक्सी ड्राइवर और आंधियां जैसी फिल्में दीं। बाद में, चेतन ने हिमालय फिल्म्स नाम से अपनी अलग कम्पनी शुरू की। इस बैनर ने हिन्दी सिनेमा को हकीकत, हीर रांझा, हंसते जख्म और हिन्दुस्तान की कसम जैसी अच्छी फिल्में दीं। इसके अलावा कालाबाजार, किनारे-किनारे, आखिरी खत, कुदरत हाथों की लकीरें फिल्मों में चेतन ने विभिन्न भूमिकाओं को अंजाम दिया। उन्होंने वर्ष 1988 में परमवीर चक्र नाम से एक धारावाहिक भी बनाया था।[1]

रोचक तथ्य

  • चेतन आनंद की फिल्म हीर रांझा के संवाद कैफ़ी आज़मी ने लिखे थे। शबाना आज़मी कहती हैं, "मुझे बड़ी हैरत होती थी कि अब्बा इतना कम बोलते हैं आखिर संवाद लिखते समय उनके और चेतन साहब के बीच बातें क्या होती हैं। चेतन आनंद रोज़ाना सुबह 10 बजे हमारे घर आ जाते थे। वो कमरे के एक कोने में बैठ जाते थे और अब्बा दूसरी तरफ बैठे रहते थे। दोनों के बीच कोई बात नहीं होती थी। और फिर चेतन साहब घर लौट जाते।" लेकिन हीर रांझा के शायराना तरीके से लिखे संवाद बेहद लोकप्रिय साबित हुए।
  • "बहुत कम लोगों को शायद यह पता होगा कि चेतन आनंद की पहली फिल्म “नीचा नगर” को पाम दी’ओरे (सर्वोत्तम फिल्म) पुरस्कार सबसे पहले कांस फिल्म फेस्टिवल में 1946 में मिला था।
  • चेतन आनंद पहले निर्देशक थे, जिन्होंने राजेश खन्ना को अपनी फिल्म ‘आखरी खत’ के लिए चुना था। उसके बाद राजेश खन्ना कामयाबी के शिखर तक पहुंचे।
  • अपनी पत्नी मोना (कल्पना कार्तिक) से देव आनंद की मुलाकात 'बाजी' (1951) के सेट पर हुई थी। चेतन आनंद उन्हें शिमला के सेंट पीटर्स कॉलेज से हीरोइन बनाने के लिए लाए थे। वास्तव में वे चेतन की पहली पत्नी उमा बैनर्जी की छोटी बहन थीं। उमा से चेतन ने लाहौर में कॉलेज की पढ़ाई के समय ही शादी कर ली थी।
  • चेतन आनंद से राज कुमार की गहरी दोस्ती थी और इसी वजह से चेतन के साथ उन्होंने कई फिल्मों 'हिंदुस्तान की कसम', 'कुदरत', 'हीर रांझा' आदि में काम भी किया। राजकुमार को स्टार बनाने में चेतन आनंद का महत्वपूर्ण योगदान था।

निधन

हिन्दी फिल्म जगत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की शुरुआत करने वाले इस कलाकार ने 6 जुलाई 1997 को 82 वर्ष की उम्र में इस दुनिया से विदा ले ली।


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. 1.0 1.1 1.2 चेतन आनंद: बॉलीवुड को दी अंतराष्ट्रीय पहचान (हिंदी) (एच.टी.एम.एल) जागरण याहू इंडिया। अभिगमन तिथि: 2 दिसम्बर, 2012।

बाहरी कड़ियाँ

संबंधित लेख