विश्व बाँस दिवस
विश्व बाँस दिवस (अंग्रेज़ी: World Bamboo Day) प्रत्येक वर्ष 18 सितम्बर को मनाया जाता है। बाँस के लाभों के बारे में जागरुकता बढ़ाने और रोजमर्रा के उत्पादों में इसके उपयोग को बढ़ावा देने के लिए हर साल यह दिवस मनाया जाता है। मुख्य रूप से पूर्व और दक्षिण पूर्व एशिया में विभिन्न उद्देश्यों के लिए बाँस का उपयोग किया जाता है। बाँस पोएसी परिवार की एक लंबी, पेड़ जैसी घास है। इसमें 115 से अधिक जेनेरा और 1,400 प्रजातियां शामिल हैं। साल 2021 में विश्व बाँस दिवस के 12वें संस्करण की थीम थी- '#बैम्बू प्लांट' (बाँस के पौधे लगायें)। विश्व बाँस संगठन का मुख्यालय बेल्जियम में है, जिसकी स्थापना 2005 हुई थी।
इतिहास
विश्व बाँस दिवस को आधिकारिक तौर पर विश्व बाँस संगठन द्वारा 18 सितंबर को बैंकॉक में 2009 में आयोजित 8वीं विश्व बाँस कांग्रेस में घोषित किया गया था। डब्ल्यूबीओ का उद्देश्य बाँस की क्षमता को और अधिक विस्तार देना, दुनिया भर के क्षेत्रों में नए उद्योगों के लिए बाँस की नई खेती को बढ़ावा देना और सामुदायिक आर्थिक विकास आदि के लिए स्थानीय स्तर पर पारंपरिक उपयोगों को बढ़ावा देना है।
उद्देश्य
इस दिन को मनाने के पीछे बाँस की क्षमता को और अधिक विस्तार देना है। इसके अलावा दुनिया भर के क्षेत्रों में नए उद्योगों के लिए बाँस की नई खेती को बढ़ावा देना और सामुदायिक आर्थिक विकास आदि के लिए स्थानीय स्तर पर पारंपरिक उपयोगों को बढ़ावा देना है। विश्व बाँस दिवस के दिन लोगों को बाँस की खेती को बढ़ावा देने के लिए कहा जाता है। बाँस के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि उन्हें शायद ही कभी दोबारा लगाने की आवश्यकता होती है। यह सबसे तेजी से बढ़ने वाले घास के पौधों में से एक है। बाँस के कई उपयोग हैं, जिनमें फर्नीचर, भोजन, जैव ईंधन, कपड़े और बहुत कुछ शामिल हैं। इसलि, आवश्यकताओं को बनाए रखने के लिए बाँस की खेती बहुत महत्वपूर्ण है। बाँस का उपयोग सबसे ज्यादा मुख्य रूप से पूर्व और दक्षिण पूर्व एशिया किया जाता है।[1]
थीम, 2021
हर साल विश्व बाँस दिवस एक थीम के साथ मनाया जाता है। एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना हमारा कर्तव्य है। खासतौर पर जब इसका सबसे अधिक उपयोग मानव भलाई के लिए किया जाता है। विश्व बाँस संगठन (डब्ल्यूबीओ) बाँस के पौधे लगाने के महत्व पर हमेशा से जोर देता रहा है। विश्व बाँस दिवस, 2021 का थीम है- '#PlantBamboo' यानी 'बाँस के पौधे लगाएं'।
|
|
|
|
|
टीका टिप्पणी और संदर्भ
- ↑ जानें आखिर क्यों मनाया जाता है विश्व बांस दिवस, क्या है इतिहास और थीम (हिंदी) hindi.oneindia.com। अभिगमन तिथि: 20 सितम्बर, 2021।
संबंधित लेख