दया प्रकाश सिन्हा

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:नेविगेशन, खोजें
दया प्रकाश सिन्हा

दया प्रकाश सिन्हा (अंग्रेज़ी: Daya Prakash Sinha, जन्म- 2 मई, 1935, कासगंज, उत्तर प्रदेश: मृत्यु - 7 नवंबर 2025, नोएडा, उत्तर प्रदेश) अवकाशप्राप्त आईएएस अधिकारी होने के साथ-साथ हिन्दी के प्रतिष्ठित लेखक, नाटककार, नाट्यकर्मी, निर्देशक व चर्चित इतिहासकार हैं। वे भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) के उपाध्यक्ष थे। नाट्य-लेखन के अतिरिक्त दया प्रकाश सिन्हा की रुचि लोक कला, ललित कला, पुरातत्त्व, इतिहास और समसामयिक राजनीति में भी है। दया प्रकाश सिन्हा आई. ए. एस. से अवकाश-प्राप्ति के पश्चात् स्वतन्त्र लेखन और रंगमंच से सम्बद्ध हैं। उन्होंने वर्ष 1986 से 1988 तक ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया था।

परिचय

दया प्रकाश सिन्हा का जन्म ब्रिटिश भारत के तत्कालीन संयुक्त प्रान्त आगराअवध (वर्तमान पश्चिमी उत्तर प्रदेश) में एटा जिले के कासगंज कस्बे में 2 मई, 1935 को अयोध्यानाथ सिन्हा व स्नेहलता के घर हुआ था। फैजाबाद से हाईस्कूल्, तथा इलाहाबाद से इण्टरमीडिएट व बीएससी करने के बाद उनका मन हिन्दी साहित्य में एमए करने का था, किन्तु पिता की इच्छा को देखते हुए उन्होंने स्नातकोत्तर परीक्षा के लिये प्राच्य इतिहास, पुरातत्व व संस्कृति जैसा गम्भीर विषय चुना जिसमें उनकी विशेष रुचि थी।

कार्यक्षेत्र

प्रथम प्रयास में ही दया प्रकाश सिन्हा ने उत्तर प्रदेश संघ लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर ली। उनकी पहली पोस्टिंग बहराइच में हुई। सन 1962 में कलकत्ता की रंगमंच अभिनेत्री प्रतिभा भारतीय से उनका विवाह हुआ। इस प्रकार उन्हें रंगमंच पर अभिनय करने के लिये मनचाहा साथी मिल गया। विभिन्न प्रशासनिक पदों पर रहते हुए दया प्रकाश सिन्हा ने रंगमंच से रिश्ता कायम रखा और एक के बाद एक सफलता की सीढ़ियाँ चढ़ते चले गये।

दया प्रकाश सिन्हा विभिन्न राज्यों की प्रशासनिक सेवाओं में रहे। साहित्य कला परिषद, दिल्ली प्रशासन के सचिव, भारतीय उच्चायुक्त, फिजी के प्रथम सांस्कृतिक सचिव, उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी व ललित कला अकादमी के अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान, लखनऊ के निदेशक जैसे अनेकानेक उच्च पदों पर रहने के पश्चात सन 1993 में भारत भवन, भोपाल के निदेशक पद से सेवानिवृत्त हुए। नाट्य-लेखन के साथ-साथ रंगमंच पर अभिनय एवं नाट्य-निर्देशन के क्षेत्र में लगभग 50 वर्षों तक सक्रिय रहे। दया प्रकाश सिन्हा की नाट्य कृतियाँ निरन्तर प्रकाशित, प्रसारित व मंचित होती रही हैं। अनेक देशों में भारत के सांस्कृतिक प्रतिनिधि के रूप में भ्रमण कर चुके दया प्रकाश सिन्हा को कई पुरस्कार व सम्मान भी मिल चुके हैं।

नाट्यकृतियाँ

दया प्रकाश सिन्हा की अद्यतन प्रकाशित नाट्यकृतियाँ इस प्रकार हैं-

  1. दुश्मन
  2. सीढ़ियाँ
  3. इतिहास
  4. मेरे भाई मेरे दोस्त
  5. इतिहास चक्र
  6. ओह अमेरिका
  7. कथा एक कंस की
  8. साँझ-सवेरा

दया प्रकाश सिन्हा के प्रकाशित नाटक हैं- मन के भँवर, इतिहास चक्र, ओह अमेरिका, मेरे भाई: मेरे दोस्त, कथा एक कंस की, सादर आपका, सीढ़ियाँ, अपने अपने दाँव, साँझ-सबेरा, पंचतंत्रा लघुनाटक (बाल नाटक), हास्य एकांकी (संग्रह), इतिहास, दुस्मन, रक्त-अभिषेक तथा सम्राट अशोक।

पुरस्कार व सम्मान

  1. अकादमी अवार्ड, संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली
  2. लोहिया सम्मान, उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान, लखनऊ
  3. साहित्यकार सम्मान, हिन्दी अकादमी, दिल्ली

दया प्रकाश सिन्हा नाटक-लेखन के लिए केन्द्रीय संगीत नाटक अकादमी, नयी दिल्ली के राष्ट्रीय ‘अकादमी अवार्ड’, उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के ‘अकादमी पुरस्कार’, हिन्दी अकादमी, दिल्ली के ‘साहित्य-सम्मान’, उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान के ‘साहित्य भूषण’ एवं ‘लोहिया सम्मान’, भुवनेश्वर शोध संस्थान के भुवनेश्वर सम्मान, आदर्श कला संगम, मुरादाबाद के ‘फ़िदा हुसैन नरसी पुरस्कार’, डॉ. लक्ष्मीनारायण लाल स्मृति फाउंडेशन के ‘डॉ. लक्ष्मीनारायण लाल स्मृति सम्मान’ तथा नाट्यायन, ग्वालियर के ‘भवभूति पुरस्कार’ से विभूषित हो चुके हैं।

निधन

हिंदी के प्रतिष्ठित नाटककार, लेखक और पद्मश्री से सम्मानित दया प्रकाश सिन्हा का 7 नवंबर 2025 को 90 वर्ष की आयु में नोएडा स्थित उनके निवास पर निधन हो गया। वे एक सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी थे, जिन्होंने भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) के उपाध्यक्ष और बीजेपी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में भी काम किया।


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख