दिव्या काकरन

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
रविन्द्र प्रसाद (वार्ता | योगदान) द्वारा परिवर्तित 10:29, 13 अगस्त 2022 का अवतरण (''''दिव्या काकरन''' (अंग्रेज़ी: ''Divya Kakran'', जन्म- 8 अक्टूबर...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ:नेविगेशन, खोजें

दिव्या काकरन (अंग्रेज़ी: Divya Kakran, जन्म- 8 अक्टूबर, 1998) भारत की फ्रीस्टाइल महिला पहलवान हैं। उन्होंने बर्मिंघम, इंग्लैंड में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स, 2022 में देश के लिये कांस्य पदक जीता है।

परिचय

दिव्या काकरन का जन्म 8 अक्टूबर, 1998 को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरबालियान गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम सुरजवीर सैन है। माता का नाम संयोगिता सैन है। दिव्या काकरन के बड़े भाई का नाम देव सैन है जो दिव्या के खान-पान और प्रैक्टिस का ध्यान रखते हैं। दिव्या ने दिल्ली राज्य चैम्पियनशिप में 17 स्वर्ण पदकों सहित 60 से अधिक पदक जीते हैं, और 14 बार 'भारत केसरी' का खिताब भी जीता है। विलक्षण प्रतिभा वाली दिव्या काकरन ने उस लड़की के तौर पर नाम कमाया जो लड़कों को भी हरा सकती है। दिव्या वर्तमान में भारतीय रेलवे में वरिष्ठ टिकट परीक्षक के रूप में कार्यरत हैं।

शिक्षा

दिव्या काकरन का बचपन में पढ़ाई में बिल्कुल भी मन नहीं लगता था क्योंकि उनका ध्यान हमेशा खेल में ही रहता था। लेकिन उनकी माँ उन्हें जोर जबरदसती से गाँव के एक स्कूल में भेजती थीं। उनकी प्रारम्भिक शिक्षा उनके गाँव से ही शुरू हुई। दिल्ली आने के बाद दिव्या ने नोएडा कॉलेज ऑफ फिज़िकल एजुकेशन, दादरी (उ.प्र.) से शारीरिक शिक्षा और खेल विज्ञान (बीपीईएस) में स्नातक की डिग्री हासिल की।

कॅरियर

दिव्या काकरन के दादा जी और उनके पिता सुरजवीर सैन भी पहलवानी करते थे। लेकिन घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उनके पिता को कुश्ती बीच में ही छोड़नी पड़ी। लेकिन सुरजवीर जी ने दिव्या के साथ ऐसा नहीं होने दिया। हालांकि उनकी माँ चाहती थी भाई देव पहलवानी करे, लेकिन पिता और भाई ने दिव्या को पहलवानी करने पर जोर दिया। दिव्या के पूरे परिवार ने उसके लिए जी तोड़ मेहनत की है, जिसका वह बार-बार जिक्र भी करती हैं।

दिव्या ने अपने कुश्ती कॅरियर की शुरुआत मिट्टी में दंगल लड़ने से की। वह कोच विक्रम कुमार के पास गुरु प्रेमनाथ अखारा, दिल्ली में कुश्ती सीखने जाती थीं; क्योंकि सुरजवीर जी दंगल और खेल मेलों में लंगोट बेचने जाते थे तो वो दिव्या को भी अपने साथ लेकर जाने लगे। लेकिन दिव्या के साथ कुश्ती करने के लिए कोई लड़की नहीं होती थी जिस कारण उनको लड़कों के साथ कुश्ती करनी पड़ती थी। दिव्या ने अपन पहला नैशनल गेम्स मेडल हरियाणा में आयोजित 2011 नैशनल गेम्स में कांस्य के रूप में जीता था। इसके बाद उन्होंने उलानबटार, मंगोलिया में आयोजित 2013 एशियाई जूनियर कैडेट्स चैंपियनशिप में रजत मेडल जीता, जो दिव्या काकरन का पहला अंतरराष्ट्रीय मेडल था।

दिव्या काकरन एशियाई चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली सिर्फ दूसरी भारतीय महिला पहलवान हैं। उनसे पहले ऐसा कारनामा केवल सरिता मोर ही कर पाई हैं। दिव्या ने लगातार 2020 और 2021 संस्करण में स्वर्ण पदक जीता है। दिव्या ने 23 मार्च 2018 को भिवानी, हरयाणा में आयोजित 'भारत केसरी दंगल' में 'भारत केसरी' का खिताब जीता। इस दंगल के फाइनल मुकाबले में उन्होंने रितु मलिक को हराया था। इस फाइनल मैच से पहले दिव्या ने इसी दंगल में अंतरराष्ट्रीय चैंपियन गीता फोगाट को भी हराया था। दिव्या अब तक 14 बार भारत केसरी का खिताब जीत चुकी हैं।

उपलब्धियाँ

दिव्या काकरन को अगस्त 2020 में कुश्ती में शानदार प्रदर्शन के लिए भारत सरकार की ओर से अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया और इसके साथ वह अर्जुन अवॉर्ड पाने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बन गईं।

वर्ष (Year) प्रतिस्पर्धा (Event) स्थान (Place) पदक (Medal) 2017 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप नई दिल्ली, भारत सिल्वर मेडल 2017 ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप भारत गोल्ड मेडल 2017 सीनियर नेशनल चैंपियनशिप भारत गोल्ड मेडल 2017 कामन्वेल्थ रेसलिंग चैंपियनशिप जोहान्सबर्ग, दक्षिण अफ्रीका गोल्ड मेडल 2018 एशियन गेम्स जकार्ता, पालेमबांग ब्रान्ज़ मेडल 2018 कामन्वेल्थ गेम्स गोल्ड कोस्ट, ऑस्ट्रेलिया ब्रान्ज़ मेडल 2019 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप चीन ब्रान्ज़ मेडल 2020 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप नई दिल्ली, भारत गोल्ड मेडल 2021 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप अल्माटी, कजाखस्तान गोल्ड मेडल 2022 कामन्वेल्थ गेम्स बर्मिंघम, इंग्लैंड ब्रान्ज़ मेडल


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख