"महाभारत वन पर्व अध्याय 22 श्लोक 39-54": अवतरणों में अंतर
व्यवस्थापन (वार्ता | योगदान) छो (Text replace - "{{महाभारत}}" to "{{सम्पूर्ण महाभारत}}") |
व्यवस्थापन (वार्ता | योगदान) छो (1 अवतरण) |
||
(कोई अंतर नहीं)
|
11:47, 23 अगस्त 2015 के समय का अवतरण
द्वाविंश (22) अध्याय: वन पर्व (अरण्यपर्व)
तब मैंने सौभ विमान के समीप अपने रथ को खड़ा करके प्रसन्नतापूर्वक शंख बजाकर सभी सुहृदों को हर्ष में निमग्न कर दिया। मेरुपर्वत के शिखर के समान आकृति वाले सौभनगर की अट्टालिका और गोपुर सभी नष्ट हो गये। उसे जलते देख उस पर रहने वाली स्त्रियाँ इधर-उधर भाग गयीं। धर्मराज ! इस प्रकार सौभ विमान तथा राजा शाल्व को नष्ट करके पुनः आनर्तनगर ( द्वारका ) में लौट आया और सहृकों का हर्ष बढ़ाया। राजन ! यही कारण है, जिससे मैं उन दिनों हस्तिनापुर में न आ सका। शत्रुवीरों का नाश करने वाले धर्मराज ! मेरे आने पर या तो जुआ नहीं होता या दुर्योधन जीवित नहीं रह पाता। जैसे बाँध टूट जाने पर पानी को कोई रोका नहीं सकता, उसी प्रकार आज जब कि सब कुछ बिगड़ चुका है, तब मैं क्या कर सकूँगा।
वैशम्पायनजी कहते है - जनमेजय । ऐसा कहकर पुरुषों मे श्रेष्ठ महाबाहु श्रीमान मधुसूदन कुरुनन्दन युधिष्ठिर की आज्ञा लेकर द्वारका की ओर चल पड़े।महाबाहु श्रीकृष्ण ने धर्मराज युधिष्ठिर को प्रणाम किया। राजा युधिष्ठिर तथा भीम ने बड़ी-बड़ी भुजाओं वाले श्रीकृष्ण का सिर सूँघा। अर्जुन ने उनको गले से लगाया और नकुल-सहदेव ने उनके चरणों में प्रणाम किया। पुरोहित धौम्यजी ने उनका सम्मान किया तथा द्रौपदी ने अपने आँसुओं से उनकी अर्चना की। पाण्डवों से सम्मानित श्रीकृष्ण सुभद्रा और अभिमन्यु को अपने सुवर्णमय रथ पर बैठाकर स्वयं भी उस पर आरूढ़ हुए। उस रथ में शैव्य और सुग्रीव नामक घोड़े जुते हुए थे और सूर्य के समान तेजस्वी प्रतीत होता था। युधिष्ठिर को आश्वासन देकर श्रीकृष्ण उसी रथ के द्वारा द्वारकापुरी की ओर चल दिये। श्रीकृष्ण के चले जाने पर द्रुपद पुत्र धृष्ट द्युम्न ने द्रौपदीकुमारों को साथ ले अपनी राजधानी को प्रस्थान किया। चेदिराज धृष्टकेतु भी अपनी बहिन करेणुमति को, जो नकुल की भार्या थी, साथ ले पाण्डवों से मिल-जुलकर अपनी सुरम्य राजधानी शुक्तीमतीपुरी को चले गये। भारत ! केकयराजकुमार भी अमित तेजस्वी कुन्तीनन्दन युधिष्ठिर की आज्ञा पा समस्त पाण्डवों से विदा लेकर अपने नगर को चले गये। युधिष्ठिर के राज्य में रहने वाले ब्राह्मण तथा वैश्य बारंबार विदा करने पर भी पाण्डवों को छोड़कर जाना नहीं चाहते थे। भरतवंशभूषण महाराज जनमेजय ! उस समय काम्यक वन में उन महात्माओं का बड़ा अद्भुत सम्मेलन जुटा था। तदनन्तर महात्मा युधिष्ठिर ने सब ब्राह्मणों की अनुमति से अपने सेवकों को समय पर आज्ञा दी--‘रथों को जोतकर तैयार करो।'
इस प्रकार श्रीमहाभारत के वनपर्व के अन्तर्गत अर्जुनाभिगमनपर्व में सौभवधोपाख्यानविषयक बाईसवाँ अध्याय पूरा हुआ।
« पीछे | आगे » |